
सोनपुर के सबलपुर (बभनटोली) निवासी शैलेश शर्मा के पुत्र प्रभाकर ने बॉलीवुड में अपनी पहचान बना ली है। हाल ही में रिलीज़ हुई नई वेब सीरीज़ ‘Waiting Hai’ में प्रभाकर के असरदार अभिनय ने दर्शकों और समीक्षकों दोनों का ध्यान खींचा है। यह सीरीज़ रेलवे टिकट स्कैम पर आधारित है और इसमें दिखाया गया है कि कैसे इस तरह के फ्रॉड से आम लोगों की जिंदगी प्रभावित होती है।
‘Waiting Hai’ Amazon MX Player पर रिलीज़ हो चुकी है और फिलहाल भारत में यह टॉप रैंकिंग पर चल रही है। सीरीज़ में दिव्येंदु शर्मा (मिर्जापुर फेम मुन्ना भईया), भुवन अरोड़ा, कुमुद मिश्रा, यशपाल शर्मा और विजय मौर्या जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नज़र आ रहे हैं। इन कलाकारों के साथ प्रभाकर का प्रदर्शन कहानी में भावनात्मक गहराई और रोमांच दोनों जोड़ता है।
प्रभाकर की आगामी परियोजनाओं में बिहार के पहले गैंगस्टर अशोक सम्राट के जीवन पर आधारित ‘गैंगस्टर सम्राट’ और ‘सिस्टम’ जैसी परियोजनाएँ शामिल हैं, जो भी जल्द ही रिलीज़ होने वाली हैं। उनकी इन उपलब्धियों से सोनपुर और खासकर सबलपुर बभनटोली में खुशी और सम्मान का माहौल बना हुआ है।
अखबार एक्सप्रेस की तरफ से प्रभाकर को उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं। हम उनके करियर की आने वाली सफलताओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
