“सुरक्षित बचपन अभियान” के तहत चिरैयाटांड़ कन्या उच्च विद्यालय में POCSO एक्ट और बाल सुरक्षा पर जागरूकता शिविर

पटना: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना द्वारा संचालित “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत कन्या उच्च विद्यालय, चिरैयाटांड़ में “लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण” विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के पांचवें दिन छात्र-छात्राओं को POCSO एक्ट 2012 और बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डीएलएसए, पटना के पैनल अधिवक्ता एडवोकेट संतोष कुमार ने बच्चों को लैंगिक अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012 के प्रावधानों, बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा शोषण एवं दुर्व्यवहार से बचाव के उपायों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है।

सत्र में छात्र-छात्राओं को अच्छे स्पर्श और बुरे स्पर्श में अंतर पहचानने, असहज परिस्थिति को समझने तथा ऐसी स्थिति में बिना डर अपने माता-पिता, शिक्षक-शिक्षिका या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को बताने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण या दुर्व्यवहार को छिपाने के बजाय तुरंत सहायता लेना जरूरी है।

कार्यक्रम में बाल यौन शोषण, बाल विवाह, मानव तस्करी और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में बच्चों की सुरक्षा, शिकायत की प्रक्रिया तथा उपलब्ध सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 24×7 उपलब्ध रहती है और यह बच्चों को आपात सहायता, परामर्श, कानूनी सहायता, आश्रय तथा पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने का काम करती है।

एडवोकेट संतोष कुमार ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनजान लोगों से सतर्क रहें, अपनी निजी जानकारी साझा न करें और मोबाइल पर आने वाले अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना तथा बाल यौन शोषण एवं अन्य दुर्व्यवहार की रोकथाम के लिए जागरूक बनाना था। मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, विद्यालय कर्मीगण, पीएलवी रौशनी कुमारी तथा बच्चे उपस्थित रहे और अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *