“झलक” कार्यक्रम से छात्राओं को मिला करियर मार्गदर्शन, डिजिटल सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य का संदेश

पटना। 09 मई 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक महोदया के मार्गदर्शन एवं सहयोग से गांधी मैदान स्थित पुलिस मुख्यालय में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन संस्था के “सेकंड चांस प्रोग्राम” के अंतर्गत 10वीं उत्तीर्ण छात्राओं के लिए “झलक” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को 10वीं के बाद उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक, व्यावसायिक, कौशल विकास एवं करियर संबंधी अवसरों के प्रति जागरूक करना और उन्हें उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक केंद्रीय क्षेत्र, पटना श्री जितेंद्र राणा, वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना श्री कार्तिक के शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मध्य, पटना सुश्री दीक्षा, सुश्री दिव्यांजलि, डॉ. अनु कुमारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा सैफुर रहमान एवं प्रथम के क्षेत्रीय समन्वयक संजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों, कौशल विकास कार्यक्रमों एवं भविष्य की संभावनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने उन्हें लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास निर्माण और जीवन में सकारात्मक दिशा अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही वर्तमान समय में डिजिटल सुरक्षा के महत्व को देखते हुए कार्यक्रम में साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी साझा की गईं। छात्राओं को तकनीक का सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण और सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी गई।

“झलक” कार्यक्रम छात्राओं को सही दिशा, प्रेरणा और मार्गदर्शन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। यह आयोजन उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास संवर्धन और उज्ज्वल भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय, दिनेश कुमार, विकास कुमार, स्नेहा रानी, शिल्पा कुमारी, नंदीश्वरी कुमारी, श्वेता कुमारी, रुचि गुप्ता, सोनी कुमारी, सूरज कुमार, पवन कुमार मिश्रा, खुशबू कुमारी, नेहाल आलम, राहुल कुमार, अमन कुमार, अंतिम कुमार, वर्षा रानी और सुधांशु कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *