
पटना: वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना की ओर से गुलजारबाग स्थित ओल्ड एज होम ‘सहारा’ में विधिक जागरूकता शिविर एवं हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण के प्रति जागरूक करना था।शिविर का आयोजन नालसा की ‘वरिष्ठ नागरिकों हेतु विधिक सेवाएं योजना, 2016’ तथा ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007’ के तहत किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, भरण-पोषण, कानूनी सहायता और सम्मानजनक जीवन से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों पर चर्चा
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के पैनल अधिवक्ता संतोष कुमार ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक दिवस बुजुर्गों के सम्मान, उनके अधिकारों की रक्षा और समाज में उनके अमूल्य योगदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और उनकी देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।उन्होंने नालसा की वरिष्ठ नागरिकों हेतु विधिक सेवाएं योजना, 2016 और माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। वृद्धाश्रम में रह रहे महिला और पुरुषों ने भी कानूनी सहायता से संबंधित जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाएं रखीं।
मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान लॉ फाउंडेशन की ओर से गौरव राउत और दीक्षा सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बुजुर्गों को आपस में संवाद बनाए रखने, सकारात्मक सोच रखने और खुश रहने के लिए प्रेरित किया।वक्ताओं ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी उतना ही जरूरी है, जितना शारीरिक स्वास्थ्य पर। परिवार और समाज को वरिष्ठ नागरिकों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए।

चिकित्सक ने की स्वास्थ्य जांच
हेल्थ कैंप में चिकित्सक डॉ. विपिन कुमार ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान बुजुर्गों की सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक सलाह दी गई।कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता राज किशोर पंडित, पीएलवी हृषि राज, सहारा वृद्धाश्रम के प्रभारी कृष्णा जी, साइकोलॉजिस्ट मिस अमीनाह, मुकत्ता चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से बादल कुमार एवं सुप्रिया पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
