
पटना-आर.सी. सेंट्रल स्कूल, एजी कालोनी, पटना में आयोजित वार्षिकोत्सव सह सम्मान समारोह में उल्लास और गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन के साथ किया गया, जिसमें भागलपुर विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार एवं पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य प्रो. (डा.) गिरिजेश नंदन कुमार, पटना विश्वविद्यालय के पूर्व प्राध्यापक प्रो. दीपक कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।

प्राचार्य श्री राकेश कुमार मिश्र ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया और उनकी उपस्थिति व मार्गदर्शन के लिए उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। माताओं के प्रति सम्मान के रूप में उन बच्चों की माताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया, जिनकी उपस्थित್ता शत-प्रतिशत रही तथा जिन्होंने अनुशासन, समय पालन और विद्यालय शुल्क समय पर जमा करने जैसे मानदंडों में उत्कृष्टता दिखाई।

छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना के भावपूर्ण प्रस्तुतिकरण के बाद रंगमंचीय कार्यक्रमों की एक श्रृंखला पेश की। प्रस्तुतियों में बिहार गीत, जट-जटिन, कजरी, योग-व्यायाम और जादूगर पी.के. सिंह की जादुई कला ने श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी प्रतिभागी छात्रों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों के समर्पण व विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की। सभी ने कहा कि कम समय में दिए गए अभ्यास व मेहनत के बावजूद बच्चों का मंचीय आत्मविश्वास और प्रस्तुति इतनी परिपक्व थी कि विद्यालय की गुणवत्ता वर्षों पुराने संस्थान की तरह प्रतीत हुई। समाजसेवी व मान्य अतिथि श्रीमती निवेदिता सिन्हा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि विद्यालय ने यह सिद्ध कर दिया है कि कहते नहीं, करके दिखाते हैं — इस बात के प्रमाण आज यहाँ उपस्थित अभिभावक खुद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर भारत माता की आरती ने समस्त उपस्थितों में भक्ति-भाव का संचार किया। समारोह के बाद सभी सम्मानित अतिथियों, अभिभावकों व विद्यार्थियों के लिए सुस्वादु भोजन का आयोजन किया गया।
