
पटना, 5 मई 2026: बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार 4 मई से 8 मई 2026 तक “सितारा सप्ताह” अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य उभयलिंगी (ट्रांसजेंडर) व्यक्तियों तक कानूनी जागरूकता, स्वास्थ्य शिविर, पहचान पत्र (आधार/मतदाता पहचान पत्र सुधार), कौशल विकास शिविर, पुलिस संवेदीकरण, सामुदायिक संपर्क और कानूनी सहायता पहुंचाना है।

अभियान के प्रारंभिक चरण में 4 मई 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के सभा कक्ष में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुश्री ज्योति चंदन (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार), सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई, पैनल अधिवक्ता संतोष कुमार, कन्हैया जी समेत अन्य पैनल अधिवक्ता, पैरा विधिक स्वयंसेवक, लॉ फाउंडेशन के प्रतिनिधि और ट्रांसजेंडर व्यक्ति उपस्थित रहे।

शिविर को संबोधित करते हुए बताया गया कि “सितारा सप्ताह” के तहत पैनल अधिवक्ता और पैरा विधिक स्वयंसेवकों को ट्रांसजेंडर समुदाय के बीच जाकर प्रचार-प्रसार और सहयोग के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। ये स्वयंसेवक आधार कार्ड सुधार, स्वास्थ्य सेवाएं, संवेदीकरण और कानूनी सहायता सुनिश्चित करेंगे।
आगामी कार्यक्रमों में 7 और 8 मई 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय, पटना में विशेष शिविर आयोजित होंगे। सभी ट्रांसजेंडर व्यक्तियों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, लाभ उठाएं और अभियान को सफल बनाएं।
