
पटना: स्वयंसेवी संस्था प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही शिक्षण कक्षाओं का अनुश्रवण कांतर इंडिया फाउंडेशन के हेड ऑफ CSR ने किया।
अनुश्रवण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी बालिकाओं से विस्तृत संवाद किया और उनके शैक्षणिक अनुभवों, सीखने की प्रगति, चुनौतियों तथा अवसरों पर चर्चा की।
टीम ने शरिफा गंज बस्ती का भी भ्रमण किया, जहां बालिकाओं के अभिभावकों से मुलाकात की गई। अभिभावकों की शिक्षा में भूमिका और सहभागिता का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने अभिभावकों को बालिका शिक्षा के सामाजिक एवं आर्थिक महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें अपनी बेटियों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जे-पाल साउथ एशिया की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर शोभनी मुखर्जी, सीनियर रिसर्च एसोसिएट एलेन मैथ्यू, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के क्षेत्रीय समन्वयक संजय कुमार एवं राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आगंतुकों ने बालिकाओं के सीखने के उत्साह और बढ़ते आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम शिक्षा से वंचित किशोरियों को पुनः मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल सिद्ध हो रहा है।
यह कार्यक्रम विशेष रूप से स्कूल छोड़ चुकी लड़कियों को 10वीं कक्षा पूरी करने का अवसर प्रदान करता है, जिससे उनके भविष्य में बेहतर रोजगार और सशक्तिकरण के द्वार खुलते हैं।
