
पटना। बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से पुनः जोड़ने के उद्देश्य से स्वयंसेवी संस्था प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ने ‘हाई स्कूल कार्यक्रम’ के तहत पटना शहरी क्षेत्र के 22 विभिन्न विद्यालयों की कुल 361 अनुत्तीर्ण बालिकाओं को बिहार बोर्ड की दसवीं परीक्षा में सफलता दिलाने के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं को ऑफलाइन और डिजिटल दोनों माध्यमों से नियमित कक्षाएं, विषयवार मार्गदर्शन, अभ्यास सत्र और परीक्षा-उन्मुख कार्यशालाएं उपलब्ध कराई गईं। सत्र 2025-26 के दौरान संस्था की टीम और नोडल शिक्षकों के समन्वित प्रयासों से बालिकाओं को पुनः परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित किया गया तथा निरंतर शैक्षणिक सहयोग दिया गया।

इन सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया। कुल 213 बालिकाओं ने अच्छे अंकों के साथ बिहार बोर्ड की दसवीं परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। यह उपलब्धि न सिर्फ संस्था के लिए बल्कि बालिकाओं के परिवारों और पूरे समुदाय के लिए गर्व की बात है।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया, “हाई स्कूल कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन बालिकाओं को शिक्षा से पुनः जोड़ना है जो किसी कारणवश परीक्षा में असफल हो जाती हैं। उन्हें आगामी परीक्षा में सफलता दिलाने के साथ-साथ शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ाना हमारा लक्ष्य है।
”कार्यक्रम की शानदार सफलता को देखते हुए प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ने आगामी वर्षों में इसे और अधिक विद्यालयों तथा समुदायों तक विस्तारित करने की योजना बनाई है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में क्षेत्रीय समन्वयक संजय कुमार, राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय, स्नेहा रानी, नदीश्वरी कुमारी, रूचि गुप्ता, स्वेता कुमारी, आकाश कुमार और गौरव कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आखिरकार एक और साबित हो गया कि सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से हर असफलता को सफलता में बदला जा सकता है
