
आचार्य सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान निशा पूजा या निशीथ काल पूजा शक्ति उपासना का अत्यंत महत्वपूर्ण अनुष्ठान है। यह पूजा मुख्य रूप से महाष्टमी की रात्रि, निशीथ काल अर्थात मध्यरात्रि के आसपास किया जाता है, जब अष्टमी तिथि का प्रारंभ होता है। धार्मिक परंपरा में इसे देवी दुर्गा के उग्र और शक्तिशाली स्वरूपों की उपासना का विशेष समय माना गया है।

निशा पूजा क्या है?‘
निशा’ का अर्थ रात्रि होता है। दुर्गा पूजा में जब सप्तमी तिथि समाप्त होकर अष्टमी तिथि प्रारंभ होती है, तब रात्रि में की जाने वाली पूजा को निशा पूजा कहा जाता है। यह पूजा अक्सर मध्यरात्रि के निशीथ काल में संपन्न होती है और कई स्थानों पर इसके साथ हवन, मंत्र जाप तथा विशेष अनुष्ठान भी किए जाते हैं।

मां कालरात्रि और महाकाली की आराधना
आचार्य सुनील कुमार तिवारी, सुधीर कुमार तिवारी और साजन कुमार तिवारी के अनुसार निशा पूजा में मुख्य रूप से मां कालरात्रि तथा महाकाली के उग्र स्वरूपों की आराधना की जाती है। मान्यता है कि इस समय देवी की कृपा से साधक को साहस, आत्मबल और आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त होती है।तांत्रिक परंपराओं में रात्रि काल को शक्ति साधना के लिए विशेष माना जाता है। इस समय शांत वातावरण में मंत्र जाप, ध्यान और पूजन से मन एकाग्र होता है तथा साधक को नकारात्मक विचारों से मुक्ति की प्रेरणा मिलती है।

निशीथ काल का धार्मिक महत्व
निशीथ काल का अर्थ है मध्यरात्रि के आसपास का विशेष समय। धार्मिक मान्यता में यह समय साधना, तंत्र-मंत्र और देवी उपासना के लिए अत्यंत शक्तिशाली माना जाता है। इस अवधि में की गई निशा पूजा से साधक को सिद्धि, मनोवांछित फल और देवी की विशेष कृपा प्राप्त होने की मान्यता है।

अहंकार और बुराई का नाश
मां कालरात्रि की उपासना से भक्तों के जीवन के भय, बाधाएं, नकारात्मक ऊर्जा और अहंकार के नाश की मान्यता है। देवी के इस स्वरूप को अंधकार और अशुभ शक्तियों का नाश करने वाला माना जाता है, इसलिए निशा पूजा को आत्मशुद्धि और सुरक्षा का प्रतीक भी माना जाता है।

नवरात्रि साधना का फल
दुर्गा पूजा और नौ दिनों की नवरात्रि साधना से भक्तों को जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक बल की प्राप्ति होती है। वैदिक और तांत्रिक दोनों विधियों से की जाने वाली निशा पूजा में मां जगदंबा की प्रसन्नता से साधक की मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है।

