पटना साहिब को चिकित्सा और पर्यटन में बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह अस्पताल व रिवर फ्रंट परियोजना का लोकार्पण किया

पटना, 22 जुलाई 2026 — माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत की मौजूदगी में आज पटना सिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का भव्य लोकार्पण एवं जिला औषधि भंडार गृह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पटना साहिब के सचेतक व विधायक श्री रत्नेश कुशवाहा मौजूद रहे और उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साझा की।

मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में कुल 105 नए ICU बेड तथा 70 IMCU बेड प्रारंभ किए। साथ ही 24×7 आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ किया गया और 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सेवा की शुरुआत भी की गई। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में PPP मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के प्रथम चरण का शुभारंभ भी किया गया, जिसके अंतर्गत 11 हब लैब और 221 स्पोक लैब को जोड़ा गया है ताकि जनसाधारण को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती डायग्नोस्टिक सेवाएँ मिल सकें।

पटना सिटी के लिए यह दिन और भी खास रहा क्योंकि नगर विकास एवं आवास विभाग के नेतृत्व में बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (BUIDCO) द्वारा लगभग ₹46.26 करोड़ की लागत से विकसित भद्र घाट, महावीर घाट एवं नौजर घाट का आधुनिक रिवर फ्रंट भी आज ही लोकार्पित किया गया। 565 मीटर लंबे प्रोमेनेड, हाई मास्ट लाइटिंग, मजबूत सुरक्षा व्यवस्थाएं और बेहतर आधारभूत संरचना के साथ यह रिवर फ्रंट अब शहर की नई पहचान बन गया है।

इस कार्यक्रम में पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू, उप महापौर श्रीमती रेश्मी चंद्रवंशी तथा पटना महानगर अध्यक्ष श्री रूप नारायण (BJP) भी उपस्थित थे। विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि ये परियोजनाएँ पटना साहिब और पूरे शहर के लिए स्वास्थ्य, पर्यटन और शहरी जीवन स्तर में सुधार लाएंगी तथा स्थानीय निवासियों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *