बिहार पंच-सरपंच संघ की 28 अक्टूबर को पटना में महाबैठक,ग्राम कचहरी और 11 सूत्रीय मांगों पर होंगे बड़े निर्णय

पटना: बिहार प्रदेश पंच-सरपंच संघ की राज्यस्तरीय महाबैठक आगामी 28 अक्टूबर को पटना स्थित संघ कार्यालय, आर ब्लॉक में आयोजित होगी। संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने बताया कि इसमें प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, महासचिव, प्रखंड अध्यक्ष, संयोजक और संरक्षक सहित संघ के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे।

इस महाबैठक में न्यायमित्र, सचिव, प्रहरी एवं सफाई कर्मी संघ के प्रदेश अध्यक्ष समेत सैकड़ों पदाधिकारी उपस्थित रहने की उम्मीद है। अमोद कुमार निराला ने कहा कि यह बैठक ऐतिहासिक और अद्वितीय होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

महाबैठक का मुख्य विषय ग्राम कचहरी, उसके निर्वाचित प्रतिनिधियों और कर्मचारियों की स्थिति तथा भविष्य की दिशा पर चर्चा होगी। इसके अलावा पेंशन, एमएलसी चुनाव में मतदाता बनाने, पंचायती राज आयोग के गठन, मानदेय एवं कंटिन्जेंसी में वृद्धि, सुरक्षा और न्याय कार्य में पुलिस प्रशासन के सहयोग जैसे मुद्दों पर विचार किया जाएगा।

पंचायती राज विभाग की कथित उपेक्षा और संघ द्वारा प्रस्तावित 11 सूत्रीय मांगें भी बैठक के प्रमुख एजेंडा में शामिल रहेंगे। गौरतलब है कि पिछले दिनों भी पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम सभा की स्वतंत्रता, ग्राम कचहरी को सर्वसुविधा संपन्न बनाने और वित्त आयोग की राशि से जुड़ी मांगों को लेकर पटना में प्रदर्शन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *