
तरैया (सारण)। सरकारी उच्च विद्यालयों में अध्ययनरत किशोरियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, अधिकारों और जागरूकता को लेकर बिहार में विशेष पहल चलाई जा रही है। इसी क्रम में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में सारण जिले की दो शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया, जिनमें तरैया की सुभद्रा भवानी और बनियापुर के डा० पिंटू रंजन शामिल हैं। यह कार्यक्रम बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) तथा यूनिसेफ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। बिहार में यह पहल किशोरियों के लिए स्कूल-आधारित सुरक्षित और सहयोगात्मक वातावरण बनाने पर केंद्रित है।
29 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण में उच्च माध्यमिक विद्यालय परौना बालक, तरैया की शिक्षिका सुभद्रा भवानी ने भाग लिया। माध्यमिक स्तर की छात्राओं के लिए संचालित किशोरावस्था कार्यक्रम के अंतर्गत उन्हें राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को उनके अधिकार, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा उनमें आत्मविश्वास विकसित करना है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सुभद्रा भवानी सारण जिले में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगी। इसके तहत जिले के सभी उच्च विद्यालयों से दो-दो शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें एक महिला और एक पुरुष शिक्षक शामिल होंगे। इसके बाद प्रशिक्षित शिक्षक विद्यालय स्तर पर छात्राओं के बीच कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में किशोरियों के लिए सुरक्षित एवं सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना, उन्हें अपने अधिकारों एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। बिहार में टैरंग नाम से संचालित किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर, नोडल शिक्षक और विद्यालय-आधारित गतिविधियों के माध्यम से किशोर-किशोरियों तक सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था है।
इस उपलब्धि पर सुभद्रा भवानी को बधाई देने वालों में प्रधानाध्यापक राकेश कुमार पांडे, शिक्षक मनोज कुमार सिंह, विकास पासवान, रवि रंजन, श्यामकेश यादव, अनूप कुमार, अनुज कुमार, वज़ीर अहमद, सरिता कुमारी, मनीष कुमार सिंह, आदित्य कुमार, अंजय गिरि, सीमा, मनीष कुमार, स्वीटी कुमारी, महिमा, अजीत तथा समस्त विद्यालय परिवार शामिल हैं।
