बिहार में ग्राम कचहरी कर्मियों का बड़ा ऐलान: शीतकालीन विधानसभा सत्र में पंचायती राज मंत्री का घेराव, पेंशन समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन तेज होगा

पटना, 28 अक्टूबर 2026: बिहार प्रदेश पंच सरपंच संघ की राज्य स्तरीय महाबैठक आर-ब्लॉक चौक स्थित संपर्क कार्यालय में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने की। मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष किरण देव यादव ने किया। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्ष, महासचिव एवं प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में ग्राम कचहरी से जुड़े पूर्व एवं वर्तमान सरपंच, उपसरपंच, पंच, न्याय मित्र और न्याय सचिवों ने एकजुट होकर आंदोलन की रणनीति तय की। संगठन ने घोषणा की कि आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान ग्रामीण न्यायकर्ताओं का चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का घेराव किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने कहा कि सरपंचों ने पटना में “न्यायालय” लगाकर अपने मुद्दों पर सामूहिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार मांगें पूरी नहीं करती है, तो आंदोलन की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। संघ ने सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।

मुख्य मांगें :- बैठक में निम्नलिखित मांगों को आंदोलन का केंद्र बनाया गया:

2006 ई. से ग्राम कचहरी कर्मियों की पेंशन चालू किया जाए।

पंचायती राज आयोग का गठन किया जाए।

एमएलसी चुनाव में ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों को मतदाता बनाया जाए।

लाइसेंसी हथियार निर्गत करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

ग्राम कचहरी को सर्व सुविधा संपन्न बनाया जाए।

प्रहरी, चौकीदार, डाटा ऑपरेटर और अमीन की बहाली की जाए।

सम्मान, सुरक्षा, वेतन, बीमा, भत्ता एवं पेंशन का अधिकार दिया जाए।

वंशावली निर्गत करने की प्रक्रिया पूर्ववत ग्राम कचहरी के माध्यम से की जाए।

ग्राम कचहरी भवन का किराया भुगतान किया जाए।

लंबित भत्तों का शीघ्र भुगतान किया जाए।

संगठनों की एकजुटता

बैठक में ग्राम कचहरी से जुड़े पांच संगठनों ने एकजुटता का ऐलान किया। त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि महासंघ के प्रदेश संयोजक मिथिलेश राय ने पंच सरपंच संघ के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने सरकार से कहा कि जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए, अन्यथा आंदोलन और तेज होगा।न्याय मित्र एवं ग्राम कचहरी सचिव संघ के प्रतिनिधि ने वेतन वृद्धि की मांग उठाई, जबकि प्रहरी संघ के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने समायोजित कर्मियों की बहाली की मांग की। बैठक का धन्यवाद ज्ञापन दिव्यांग संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *