
पटना। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार 27 अक्टूबर 2026 को पटना जिले के विभिन्न विद्यालयों में पैन-इंडिया जागरूकता अभियान ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। यह अभियान बच्चों को बाल यौन शोषण से बचाने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम प्राथमिक विद्यालय, चिरैयाटांड; प्लीजेंट वैली स्कूल, संदलपुर; किशोर दल स्कूल, राजेंद्र नगर रोड; तथा रवींद्र बालिका उच्च विद्यालय +2, पटना में आयोजित हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना की ओर से पैनल अधिवक्ता संतोष कुमार, ममता कुमारी, कुणाल कुमार और प्रियंवदा कुमारी तथा पैरा लीगल वॉलंटियर्स कुमारी रौशनी, ऋषिराज, हेमंत कुमार एवं मंजु कुमारी ने शिविर में भाग लिया।
शिविर में विद्यार्थियों को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), 2012 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। बच्चों को असुरक्षित स्पर्श, अनुचित व्यवहार, शोषण की पहचान तथा ऐसी स्थिति में चुप न रहकर अभिभावक, शिक्षक या भरोसेमंद व्यक्ति को तुरंत बताने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य विषय “जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण—हर बच्चे का अधिकार” रखा गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की नहीं, बल्कि विद्यालय और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नालसा के अनुसार ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ पॉक्सो अधिनियम, 2012 पर आधारित राष्ट्रव्यापी विद्यालय जागरूकता अभियान है।
कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए पैनल अधिवक्ताओं ने बताया कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार या शोषण की स्थिति में नि:शुल्क विधिक सहायता और संरक्षण की व्यवस्था उपलब्ध है।
