
पटना:- दिनांक 28 मार्च 2026 को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन एवं जे-पाल (J-PAL) संस्था के प्रतिनिधियों के साथ जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता, पटना) सैफुर रहमान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में संचालित हाई स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विशेष रूप से बिहार बोर्ड की 10वीं कक्षा में अनुत्तीर्ण छात्राओं के लिए संचालित शैक्षणिक सहयोग कार्यक्रम की प्रगति एवं प्रभाव पर विचार-विमर्श किया गया।

संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि 10वीं कक्षा में अनुत्तीर्ण छात्राओं को पुनः परीक्षा हेतु तैयार करने के उद्देश्य से विशेष कक्षाएं, शैक्षणिक मार्गदर्शन तथा निरंतर अकादमिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके भविष्य को सशक्त एवं उज्ज्वल बनाना है।
बैठक में कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विस्तार पर भी गहन चर्चा की गई, ताकि पटना जिले की अधिक से अधिक छात्राएं इस पहल से लाभान्वित हो सकें।
बैठक में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय तथा जे-पाल (J-PAL) संस्था की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर शोभनी मुखर्जी एवं एलेन मैथ्यू उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना की और इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक कदम बताया।
अंत में संस्था के प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि प्रशासनिक सहयोग से यह कार्यक्रम व्यापक स्तर पर प्रभावी रूप से संचालित किया जा सकेगा, जिससे समाज के वंचित वर्ग की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
