
बिहार बोर्ड 2026: मैट्रिक-इंटर परीक्षा की तारीखें घोषित, 2 फरवरी से शुरू होगी इंटर परीक्षा, 3 दिसंबर आखिरी मौका फॉर्म भरने का
पटना–बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने वर्ष 2026 की मैट्रिक (कक्षा 10वीं) और इंटरमीडियट (कक्षा 12वीं) वार्षिक परीक्षा का पूरा कैलेंडर जारी कर दिया है। बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परीक्षा तिथियों की आधिकारिक घोषणा की।
परीक्षा तिथियां इस प्रकार हैंः
इंटरमीडियट (कक्षा 12वीं) परीक्षा : 2 फरवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक
मैट्रिक (कक्षा 10वीं) परीक्षा : 17 फरवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक
दोनों परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने इस बार भी ओएमआर शीट और उत्तर पुस्तिका दोनों पर परीक्षा लेने का फैसला किया है।
रजिस्ट्रेशन और फॉर्म भरने की स्थिति
बोर्ड ने मैट्रिक और इंटर दोनों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 3 दिसंबर 2025 तय की है। विलंब शुल्क के साथ भी इसके बाद फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
अब तक की स्थिति (1 दिसंबर 2025 तक):
मैट्रिक परीक्षा फॉर्म : 15 लाख 2 हजार 21 छात्र-छात्राओं ने भरा
इंटरमीडियट परीक्षा फॉर्म : 13 लाख 7 हजार 241 छात्र-छात्राओं ने भरा
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार अभी भी कई छात्र-छात्राएं फॉर्म भरने से वंचित हैं, इसलिए सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें।
नया फीचर: AI चैटबॉट से मदद
इस बार बोर्ड ने छात्रों की सुविधा के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर AI आधारित चैटबॉट शुरू किया है। फॉर्म भरने, फीस जमा करने, एडमिट कार्ड या किसी भी तरह की जानकारी के लिए छात्र इस चैटबॉट की मदद ले सकते हैं। यह सुविधा 24×7 उपलब्ध रहेगी।
बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र छात्र परीक्षा से वंचित न रहे। सभी स्कूल प्राचार्य और जिला शिक्षा पदाधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।”छात्र आधिकारिक वेबसाइट secondary.biharboardonline.com और intermediate.biharboardonline.com पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन और फॉर्म भर सकते हैं।
बिहार बोर्ड की परीक्षाएं हर साल देशभर में सबसे ज्यादा छात्रों वाली बोर्ड परीक्षाओं में से एक होती हैं। इस बार भी लगभग 28-30 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद है।
