
स्व. डॉ. तपेश्वर पाण्डेय जयंती: ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने वाली स्वास्थ्य परिचर्चा का आयोजन
सिवान: ग्रामीण क्षेत्रों में होमियोपैथिक चिकित्सा के माध्यम से गरीबों-जरूरतमंदों की सेवा करने वाले महान विभूति, जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह बुनियादी विद्यालय, मूसेपुर (प्रखंड लकड़ी नवीगंज, जिला सिवान) के संस्थापक एवं भूमिदाता स्व. डॉ. तपेश्वर पाण्डेय जी की जयंती (26 जनवरी) के अवसर पर एक भावपूर्ण जयंती समारोह एवं स्वास्थ्य परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम डॉ. तपेश्वर पाण्डेय शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा संस्थान के तत्वावधान में विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थापित स्व. डॉ. तपेश्वर पाण्डेय जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। माननीय विधायक देवेशकांत सिंह जी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक और प्रेमीजन भी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।

स्वास्थ्य परिचर्चा सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में एम्स पटना के विभागाध्यक्ष (कैंसर सर्जरी) डॉ. जगजीत पांडेय ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कैंसर के लक्षणों, प्रारंभिक जांच के महत्व, उपचार विकल्पों और रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला। डॉ. पांडेय ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी को लेकर चिंता जताई और समय पर जांच कराने की अपील की।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में गया जिला से पधारे जिला स्कूल गया के पूर्व प्राचार्य रंगनाथ शर्मा जी ने स्वस्थ एवं उत्तम जीवनशैली अपनाने के लिए दैनिक खान-पान, व्यायाम और दिनचर्या पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार और नियमित जीवनशैली से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
डॉ. तपेश्वर पाण्डेय शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा संस्थान के व्यवस्थापक डॉ. रौशन पाण्डेय ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. शैलेश पांडेय ने मौजूद अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अखिलेश पांडेय, मंडल अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, श्याम किशोर तिवारी, अखिलानंद सिंह, माननीय मुखिया मनोज सिंह, जयप्रकाश सिंह, पवन सिंह, पूर्व मुखिया भगवान जी सिंह, प्रमोद चौधरी, मोतीलाल प्रसाद शिक्षक, भाजपा नेता राजेंद्र प्रसाद, मृत्युंजय पांडेय, डॉ. मोतीलाल पाण्डेय, जिला प्रवक्ता विजय पांडे, अधिवक्ता शिवाकांत पांडे, अमिताभ जी, कौशल किशोर सहित तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्व. डॉ. तपेश्वर पाण्डेय जी ने ग्रामीण क्षेत्र में होमियोपैथिक चिकित्सा के माध्यम से हजारों लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया था। उनकी जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल उनकी स्मृति को जीवित रखने का माध्यम बना, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
अधिक जानकारी के लिए डॉ. तपेश्वर पाण्डेय शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा संस्थान से संपर्क करें।
डा० रौशन पांडेय — 9507555601
